By Malay Ojha | Published: 04 November 2026 at 12:17 AM
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक बयान ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। अपराध को लेकर उनकी टिप्पणी पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने तीखा हमला करते हुए सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठा दिया। तेजस्वी ने पूछा कि क्या पीएम मोदी ने सम्राट चौधरी को बिहार बर्बाद करने की ‘सुपारी’ दे रखी है? उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर बीजेपी के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए हैं।
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री के बयान पर उठाए सवाल
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘बिहार में क्राइम हो सकता है, अपराध नहीं!’ इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर विवादित टिप्पणी की। तेजस्वी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पर सात हत्याओं के मामले हैं और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुना है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि कार्यक्रम में मौजूद IAS और IPS अधिकारी मुख्यमंत्री के साथ काम करने पर खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं या अपमानित। तेजस्वी ने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री ने सम्राट चौधरी के हाथों बिहार को बर्बाद कराने की सुपारी ले रखी है?
सम्राट चौधरी ने क्या कहा था?
दरअसल, मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में नदियों की गाद के इस्तेमाल को लेकर आयोजित एक MoU कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराध पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि बिहार में कोई अपराध नहीं है और अपराध की अवधारणा ही खत्म हो गई है। हालांकि, उन्होंने आगे कहा कि यहां क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं।
मंच पर मौजूद थे नितिन गडकरी
जिस कार्यक्रम में सम्राट चौधरी ने यह टिप्पणी की, उसमें केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे। बिहार सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
गाद के इस्तेमाल से हाईवे प्रोजेक्ट को मिलेगी रफ्तार
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार की चुनौतियों का जिक्र करते हुए वॉटर मैनेजमेंट को दूसरी सबसे बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि अगर बिहार अपने जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कर ले तो राज्य दोबारा तरक्की की राह पर आगे बढ़ सकता है।
दरअसल, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और बिहार सरकार के बीच नदियों और जलाशयों से गाद निकालने तथा उसका इस्तेमाल नेशनल हाईवे परियोजनाओं में करने को लेकर समझौता हुआ है। NHAI के मुताबिक, बिहार में चल रही और प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लिए करीब 243 लाख क्यूबिक मीटर गाद की जरूरत का आकलन किया गया है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

