By Malay Ojha | Published: 20 June 2026 at 08:59 AM
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कैंसर से जूझ रहे एक युवक ने आरोप लगाया है कि उसे रात में पकड़कर थाने ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और फिर कुकर्म किया गया। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लाडवा थाने के दो एएसआई और एक होमगार्ड जवान को सस्पेंड कर दिया है। पीड़ित का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उसके बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के खिलाफ लगे आरोपों ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है। शुरुआती जांच के बाद संबंधित दो एएसआई और एक होमगार्ड जवान को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैंक से घर लौटते समय रोका गया युवक
पीड़ित युवक लाडवा क्षेत्र के एक निजी बैंक में काम करता है। उसने बताया कि 17 जून की रात ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपने घर लौट रहा था। रास्ते में इंद्री नाके पर तैनात एक होमगार्ड जवान ने उसे रोक लिया। उस समय उसने अपने चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था।
कपड़ा हटाने का विरोध किया तो थाने ले गए
युवक का आरोप है कि होमगार्ड ने उसके चेहरे से कपड़ा हटाने को कहा। जब उसने इसका विरोध किया तो वहां डायल-112 की टीम भी पहुंच गई। इसके बाद उसे जबरन पुलिस वाहन में बैठाकर लाडवा थाने ले जाया गया।
थाने में बंद करने और मारपीट का आरोप
पीड़ित का कहना है कि थाने पहुंचने के बाद उसे करीब आधे घंटे तक एक कमरे में बंद रखा गया। इसके बाद देर रात उसे दूसरे कमरे में ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई।
कपड़े उतरवाकर गलत काम करने का आरोप
युवक ने आरोप लगाया कि दो एएसआई और एक होमगार्ड ने उसके कपड़े उतरवाए और उसके साथ गलत काम किया। उसने दावा किया कि इस दौरान उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
कैंसर का मरीज है पीड़ित
युवक ने बताया कि वह कैंसर से पीड़ित है और उसकी बाईं टांग का इलाज चल रहा है। हाल ही में उसकी कीमोथेरेपी हुई थी, जिसके कारण उसके सिर और शरीर के बाल झड़ चुके हैं। उसने कहा कि बीमारी से जूझने के बीच उसके साथ हुई इस घटना ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया है।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद युवक की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस और अन्य अधिकारी वहां पहुंचे और पीड़ित के बयान दर्ज किए।
डीएसपी बोले- जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
मामले पर डीएसपी निर्मल सिंह ने कहा कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं। युवक द्वारा लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं और उनकी सच्चाई की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की छवि पर उठे सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद सेवा, सुरक्षा और सहयोग का दावा करने वाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। इलाके में इस मामले को लेकर लोगों में नाराजगी है और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

