By Malay Ojha | Published: 14 May 2026 at 03:07 AM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद स्वर्ण कारोबार से जुड़े व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। इस मुद्दे पर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष धनंजय कुमार सिन्हा ने सरकार से स्वर्ण व्यापारियों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
धनंजय कुमार सिन्हा ने कहा कि अगर लंबे समय तक लोग सोना खरीदना बंद कर देंगे तो छोटे और मध्यम स्तर के व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हजारों परिवारों की रोजी-रोटी इस कारोबार से जुड़ी हुई है।
पीएम मोदी की अपील पर उठे सवाल
सोशलिस्ट नेता ने कहा कि यदि सरकार लोगों से सोने की खरीद कम करने की अपील करती तो कारोबार किसी तरह चलता रहता, लेकिन पूरी तरह खरीद बंद करने जैसी अपील से बाजार पर बड़ा असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी अब अपने परिवार और बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंतित हैं।
सरकार से आर्थिक पैकेज की मांग
धनंजय सिन्हा ने मांग की कि सरकार स्वर्ण व्यापारियों को उनके इनकम टैक्स रिटर्न के आधार पर आर्थिक सहायता दे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सालाना शुद्ध मुनाफे का कम से कम 50 प्रतिशत हिस्सा एक साल तक मासिक सहायता राशि के रूप में दिया जाना चाहिए।
कर्मचारियों के लिए भी सहायता की मांग
उन्होंने यह भी मांग उठाई कि स्वर्ण दुकानों और प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों के वेतन का 50 प्रतिशत हिस्सा सरकार सहायता राशि के रूप में दे ताकि उनके परिवारों पर आर्थिक संकट न आए।
छोटे कारोबारियों के लिए अलग व्यवस्था की मांग
सोशलिस्ट नेता ने कहा कि ऐसे छोटे स्वर्ण व्यवसायी जो इनकम टैक्स रिटर्न नहीं भरते लेकिन जिनकी दुकानें पंजीकृत हैं, उन्हें भी हर महीने न्यूनतम पच्चीस हजार रुपये की सहायता राशि दी जानी चाहिए।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

