By Malay Ojha | Published: 18 September 2026 at 03:41 PM
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में शुक्रवार को पुलिस लाइंस के पास जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद के बाहर हुआ। कोहाट के जिला मुख्यालय अस्पताल के मेडिकल अधीक्षक ताहिर अली शाह के मुताबिक अस्पताल में 15 शव और 50 से अधिक घायलों को लाया गया है।
पुलिस के मुताबिक धमाके से मस्जिद के बाहरी हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा और मौके पर बड़ा गड्ढा बन गया। एक दीवार के गिरने की भी जानकारी सामने आई है। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। राहत और बचाव दल मौके पर अभियान चला रहे हैं।
पुलिस लाइंस में बढ़ाई गई सुरक्षा
धमाके के बाद पुलिस लाइंस इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया। अधिकारियों ने कोहाट-हंगू रोड को यातायात के लिए बंद कर दिया है। इलाके में आवाजाही रोककर सुरक्षा जांच बढ़ाई गई है।
अस्पताल में इमरजेंसी घोषित
घायलों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद वहां इमरजेंसी घोषित कर दी गई। शुरुआती चरण में अस्पताल प्रशासन ने कम से कम 25 घायलों के पहुंचने की जानकारी दी थी, जबकि बाद में अस्पताल के मेडिकल अधिकारी ने 50 से अधिक घायलों और 15 शवों के अस्पताल लाए जाने की जानकारी दी।
वाहन से धमाके की शुरुआती जानकारी
खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद के मुताबिक शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि विस्फोटक से लदे एक वाहन को पुराने पुलिस लाइंस के गेट की ओर ले जाया गया था। हालांकि घटना की पूरी प्रकृति और जिम्मेदारी को लेकर जांच जारी है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

