By aryavartalive | Published: 31 July 2026 at 11:08 PM
पटना : एक तरफ जहाँ केन्द्र सरकार एवं भाजपा शासित राज्य सरकारें अपने वादों के विपरीत जेन-जी आंदोलनकारियों को चिह्नित कर-करके मुकदमे दर्ज कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष धनंजय कुमार सिन्हा ने जेन-जी आन्दोलनकारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
जेन-जी आन्दोलन ने लोकतंत्र में भरोसा बढ़ाया
धनंजय ने कहा कि लम्बे समय से केन्द्र सरकार की तानाशाही रवैयों की वजह से देश के आम नागरिक एक घोर निराशाजनक स्थिति से गुजर रहे थे। लोगों का लोकतंत्र से भरोसा उठ रहा था। ऐसे में देश के छात्र-युवाओं ने केन्द्र सरकार की तानाशाही के खिलाफ सोशल मीडिया से शुरू करके दिल्ली के जन्तर-मन्तर सहित देश के कई गाँवों-शहरों में आन्दोलन करके आम लोगों में आशा की एक किरण जगाई है। आम लोगों से लेकर नेताओं, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों तक का लोकतंत्र पर विश्वास पुनः मजबूत हुआ है।
जेन-जी आन्दोलनकारियों को पुरस्कृत करेगी सोशलिस्ट पार्टी
उन्होंने कहा कि देशभर में लोकतंत्र का यह अलख जगाने के लिये सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) द्वारा जेन-जी आन्दोलन में शामिल वैसे सभी छात्र-युवाओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जायेगा जो इस दौरान पुलिस की लाठियों से घायल हुए, जिन्हें अरेस्ट किया गया एवं जिन पर सरकार द्वारा मुकदमे किये गये। उन्होंने कहा कि इसमें दिल्ली सहित देश के अन्य हिस्सों में हुए प्रदर्शन-आंदोलन में भाग लेने वाले तमाम छात्र एवं युवा शामिल होंगे।
आन्दोलनकारियों के रजिस्ट्रेशन के लिये पोर्टल होगा लॉन्च
धनंजय ने कहा कि पार्टी द्वारा शीघ्र ही इसके लिए एक वेबसाइट/पोर्टल तैयार किया जायेगा जहाँ ऐसे छात्र एवं युवा आंदोलनकारी खुद से अपना रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे अथवा अन्य व्यक्ति भी उन्हें रेफर करते हुए उनका रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
अन्य संगठनों से भी आन्दोलनकारियों को पुरस्कृत करने की अपील
साथ ही, उन्होंने देश के तमाम संगठनों एवं संस्थाओं से भी अपील किया है कि वे भी जेन-जी आन्दोलन में शामिल छात्र-युवाओं को अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार सम्मानित एवं पुरस्कृत करें।
देशवासियों से गांवों-शहरों में अभिनंदन समारोह के आयोजन की अपील
उन्होंने देश के आम नागरिकों से भी आग्रह किया कि हर गाँव एवं हर शहर में वैसे तमाम आन्दोलनकारियों के सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन हो जिन्होंने दिल्ली अथवा स्थानीय स्तर पर लोकतंत्र को जगाने एवं मजबूती प्रदान करने वाले इस आंदोलन में हिस्सा लिया।
केन्द्र सरकार की तानाशाही को लोकतांत्रिक जवाब
धनंजय ने कहा कि जेन-जी आन्दोलनकारियों का सम्मान एवं पुरस्कार केन्द्र सरकार की पुनः सक्रिय होती तानाशाही को आम देशवासियों का एक लोकतांत्रिक जवाब भी होगा।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

