By Malay Ojha | Published: 19 June 2026 at 10:36 AM
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान चल रहे लौंडा डांस प्रोग्राम में उस समय खौफ फैल गया जब एक डांसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि कुछ बदमाश उसे स्टेज से जबरन खींचकर सुनसान जगह ले गए और पेट में गोली दाग दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार कटेया थाना क्षेत्र के पटोहवा गांव के पास जमुनहा इलाके में गुरुवार रात एक शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान मनोरंजन के लिए लौंडा डांस का आयोजन किया गया था। स्टेज पर कलाकार अपनी प्रस्तुति दे रहे थे और लोग कार्यक्रम देख रहे थे, तभी अचानक कुछ युवक वहां पहुंचे और माहौल बिगड़ने लगा।
स्टेज से खींचकर ले गए, विरोध करने पर गोली मारी
जानकारी के मुताबिक, लौंडा डांस कार्यक्रम के दौरान कुछ मनचले युवक डांसर को बुलाने लगे और जबरन उसे स्टेज से खींचने की कोशिश की। डांसर ने इसका विरोध किया और खुद को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान गुस्साए बदमाशों ने उसे पकड़कर सुनसान जगह ले जाकर उसके पेट में करीब से गोली मार दी।
गोली लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के लिए भागे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
यूपी के देवरिया का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के महुआ पाटन गांव निवासी सोनू गोंड (32) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सोनू पिछले कई वर्षों से लौंडा डांस ग्रुप में काम करता था और इसी काम से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
उसके परिवार में पत्नी, तीन छोटे बच्चे और एक छोटा भाई है। पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी, ऐसे में वह घर का अकेला कमाने वाला सदस्य था।
कार्यक्रम संचालक ने बताई पूरी घटना
लौंडा डांस पार्टी के संचालक ने बताया कि कार्यक्रम ठीक तरह से चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवक आए और डांसर को बुलाने लगे। उन्होंने बताया कि युवक उसे जबरन खींचने लगे और विरोध करने पर सीधे गोली मार दी गई। इसके बाद हम लोग उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना क्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर छापेमारी की जा रही है।
शादी की खुशियां बदली मातम में
जिस शादी समारोह में लौंडा डांस के जरिए खुशी का माहौल था, वह अचानक चीख-पुकार और दहशत में बदल गया। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है। लोग इस बात से हैरान हैं कि मनोरंजन के बीच इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

