By Malay Ojha | Published: 26 July 2026 at 02:24 PM
राजद को बिहार में एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सीतामढ़ी के पूर्व सांसद अर्जुन राय ने राजद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने रविवार को प्रेस वार्ता कर पार्टी छोड़ने का ऐलान किया। अर्जुन राय ने कहा कि वह सोमवार, 27 जुलाई को भाजपा में शामिल होंगे। उनके इस फैसले को राजद के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
अर्जुन राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और बिहार में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व से प्रभावित होकर उन्होंने यह फैसला लिया है। उन्होंने राजद में काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाए और कहा कि पार्टी का मौजूदा कामकाज उन्हें ठीक नहीं लगा। हालांकि, उनके पार्टी छोड़ने की चर्चा पिछले कुछ समय से राजनीतिक गलियारों में चल रही थी।
सोमवार को भाजपा में शामिल होंगे पूर्व सांसद
प्रेस वार्ता में अर्जुन राय ने साफ कर दिया कि उनका अगला राजनीतिक कदम क्या होगा। उन्होंने बताया कि वह सोमवार को भाजपा की सदस्यता लेंगे। उनके इस फैसले पर अब बिहार की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। खासकर सीतामढ़ी और उत्तर बिहार की राजनीति में इसका क्या असर पड़ेगा, इस पर भी नजर रहेगी।
पंचायत चुनाव से पहले परिसीमन का किया स्वागत
अर्जुन राय ने बिहार में पंचायत चुनाव से पहले प्रस्तावित परिसीमन की प्रक्रिया का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित में बेहतर काम कर रही है। उनका दावा है कि केंद्र और राज्य में एनडीए की सरकार के साथ मिलकर ही सीतामढ़ी के अधूरे विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकता है।
छात्र राजनीति से शुरू किया था राजनीतिक सफर
अर्जुन राय ने 1994 में बिहार विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। वर्ष 2000 में उन्होंने राजद के टिकट पर औराई विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। इसके बाद 2005 में वह जदयू में शामिल हो गए और औराई से विधायक चुने गए।
2009 में बने सीतामढ़ी से सांसद
2009 के लोकसभा चुनाव में अर्जुन राय ने जदयू के टिकट पर सीतामढ़ी सीट से जीत दर्ज की और संसद पहुंचे। 2014 का लोकसभा चुनाव हारने के बाद उन्होंने 2015 में फिर राजद का दामन थाम लिया। इसके बाद 2019 और 2024 में उन्होंने राजद के टिकट पर सीतामढ़ी से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2024 में सीतामढ़ी सीट से जदयू के देवेश चंद्र ठाकुर ने जीत दर्ज की थी।
अब राजद से भाजपा तक का सफर
अर्जुन राय के इस्तीफे और भाजपा में शामिल होने के ऐलान के बाद बिहार की सियासत में एक बार फिर दल-बदल को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें पार्टी में क्या भूमिका मिलती है और उनके इस कदम का सीतामढ़ी की राजनीति पर कितना असर पड़ता है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

