By aryavartalive | Published: 15 September 2026 at 09:22 PM
बिहार में 17 सितंबर से शुरू हो रहे ‘सेवा संकल्प’ अभियान को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है। अभियान के तहत राज्य के 95,195 सरकारी और निजी स्कूलों में अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उनकी सोच को सामने लाने के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम भी तय कर दिया है।
शिक्षा विभाग के विशेष सचिव धर्मेन्द्र कुमार ने मंगलवार को विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में हुई बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि ‘मेरे सपनों का भारत : सेवा चित्र’ अभियान के तहत 26 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए भाषण प्रतियोगिता
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 3 अक्टूबर को भाषण प्रतियोगिता होगी। इसी दिन जिला स्तर पर चुनी गई चित्रकलाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों को अपने सपनों, विचारों और देश के भविष्य को लेकर अपनी बात रखने का मौका मिलेगा।
10 अक्टूबर को पटना में राज्यस्तरीय कार्यक्रम
अभियान का राज्यस्तरीय कार्यक्रम 10 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में आयोजित किया जाएगा। शिक्षा विभाग की कोशिश है कि स्कूल स्तर से लेकर राज्य स्तर तक होने वाले इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक विद्यार्थी और आम लोग शामिल हों।
सभी जिलों में प्रचार का निर्देश
कार्यक्रम में भागीदारी बढ़ाने के लिए सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (DPO) को निर्देश जारी किए गए हैं। जिलों को स्थानीय स्तर पर अभियान का प्रचार करने और लोगों को इससे जोड़ने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।
चौक-चौराहों पर लगेंगे होर्डिंग-बैनर
शिक्षा विभाग ने सभी जिलों में चौक-चौराहों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं से जुड़े होर्डिंग और बैनर लगाने का निर्देश दिया है। विभाग का मानना है कि व्यापक प्रचार से विद्यार्थियों के साथ आम लोगों की भागीदारी भी बढ़ेगी।
बच्चों के सपनों और सोच को मिलेगा मंच
‘सेवा संकल्प’ अभियान के जरिए विद्यार्थियों की रचनात्मकता और अभिव्यक्ति को मंच देने की तैयारी है। साथ ही बच्चों को राष्ट्र के प्रति उनके सपनों और संकल्पों को तस्वीर और भाषण के माध्यम से सामने रखने का अवसर मिलेगा। बैठक में प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक, माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन कुमार सिंह समेत शिक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

