By Malay Ojha | Published: 18 September 2026 at 06:26 PM
बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भाजपा ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपये का योगदान दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर उन्हें यह चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा के सभी सांसद, विधायक और विधान पार्षद अपने एक महीने के वेतन की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे। उनके मुताबिक, बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए पार्टी के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता अपने स्तर से भी सहयोग करेंगे।
नितिन नवीन ने भी दिया तीन महीने का वेतन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने भी बिहार बाढ़ राहत के लिए अपने तीन महीने के सांसद वेतन की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की है। यह राशि 6 लाख 35 हजार रुपये है। नितिन नवीन ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत और जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए सहयोग जारी रहेगा।
राहत कार्यों में सहयोग की अपील
संजय सरावगी ने कहा कि बिहार के कई हिस्सों में बाढ़ से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं। ऐसे में राहत और पुनर्वास के काम में हर स्तर पर सहयोग जरूरी है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों तक मदद पहुंचाने और प्रशासन के राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
सरकार की ओर से भी जारी है आर्थिक मदद
बिहार सरकार ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता का वितरण शुरू किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 15 सितंबर को 8 लाख 27 हजार 472 प्रभावित परिवारों के खातों में 7-7 हजार रुपये की दर से कुल 579.23 करोड़ रुपये की आनुग्रहिक राहत राशि के DBT हस्तांतरण की शुरुआत की थी।
भाजपा ने सेवा को बताया जिम्मेदारी
संजय सरावगी ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की मदद केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता प्रभावित परिवारों के बीच रहकर जरूरत के मुताबिक सहयोग करते रहेंगे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

