By Malay Ojha | Published: 19 October 2026 at 07:53 PM
बिहार में विधान परिषद चुनाव के प्रचार के बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में निकाले गए रोड शो को लेकर अनंत सिंह, अनुज सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस ने सोमवार, 19 अक्टूबर को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को मोकामा विधानसभा क्षेत्र में निकाले गए रोड शो के दौरान आदर्श आचार संहिता और कानून-व्यवस्था से जुड़े नियमों के उल्लंघन का आरोप है। रैली में अनुमति से अधिक वाहनों के इस्तेमाल और कई गाड़ियों में सायरन बजाने की शिकायत सामने आई। इसके अलावा, बाढ़ शहर में कुछ स्थानों पर जेसीबी मशीनों से फूल बरसाए गए।
पुलिस ने बताई कार्रवाई की वजह
बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-1) रामकृष्ण के मुताबिक, रोड शो के दौरान इन गतिविधियों से कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई। पुलिस ने इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए अनंत सिंह, अनुज सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की हैं।
अनंत सिंह ने खोला नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा
इस पूरे घटनाक्रम के पीछे पटना स्नातक सीट का चुनावी मुकाबला भी अहम है। मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी पार्टी के विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार के बजाय जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार किया है। इस कदम को जेडीयू के भीतर उनके बागी रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
नीरज कुमार को हराने का किया ऐलान
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार दोबारा चुनाव मैदान में हैं। अनंत सिंह पहले ही उनके खिलाफ अपना रुख साफ कर चुके हैं। उन्होंने क्षेत्र में अनुज सिंह के समर्थन में जुलूस भी निकाला था। अनंत सिंह का कहना है कि नीरज कुमार ने कई मौकों पर उनका विरोध किया है, इसलिए वह भी उन्हें उसी अंदाज में जवाब देना चाहते हैं।
अनंत सिंह ने क्या कहा था?
अनंत सिंह ने हाल में कहा था कि उन्हें नहीं पता कि इस मामले में पार्टी का क्या रुख है, लेकिन नीरज कुमार ने कई बार उनका विरोध किया है। उनके इस बयान से दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक खींचतान खुलकर सामने आ गई है।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। चुनाव में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के साथ पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। ऐसे में चुनाव प्रचार के दौरान हुई इस पुलिस कार्रवाई ने पटना स्नातक सीट के मुकाबले को और चर्चा में ला दिया है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

