By Malay Ojha | Published: 02 November 2026 at 04:26 PM
भागलपुर: बिहार के भागलपुर में सोमवार को एनडीए ने सड़कों पर उतरकर अपनी एकजुटता और संगठन की ताकत दिखाई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की पदयात्रा में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान भाजपा के साथ जदयू, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता भी नजर आए।
हजारों कार्यकर्ताओं के साथ निकली पदयात्रा
पदयात्रा लाजपत पार्क से शुरू हुई और सेवा ज्योति चौक, खरमनचक व खलीफाबाग होते हुए घंटाघर चौक पहुंचकर समाप्त हुई। हाथों में पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम के दौरान एनडीए के अलग-अलग घटक दलों की मौजूदगी ने गठबंधन की एकजुटता का संदेश दिया।
SIR पर विपक्ष के दावों को लेकर सवाल
लाजपत पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में एसआईआर का विरोध करने वाले राहुल गांधी और तेजस्वी यादव अपने आरोपों के समर्थन में एक भी ऐसा व्यक्ति सामने नहीं ला सके, जिसका नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से काटा गया हो।
68 लाख नाम कटने के दावे पर हमला
सरावगी ने विपक्ष के उस आरोप पर भी सवाल उठाया, जिसमें करीब 68 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने बड़ा दावा तो किया, लेकिन अपने दावे के समर्थन में कोई ठोस उदाहरण सामने नहीं रख सका।
विपक्ष की भाषा पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का निशाना
संजय सरावगी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के नेताओं की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ इस्तेमाल की जा रही भाषा को विपक्ष की हताशा बताया। साथ ही कहा कि बिहार की धरती पर कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री की दिवंगत मां को लेकर अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिसे जनता स्वीकार नहीं करेगी।
हार के बाद लोकतंत्र पर सवाल उठाने का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान होना चाहिए। उनके मुताबिक विपक्ष चुनाव में हार मिलने पर व्यवस्था और संस्थाओं पर सवाल उठाता है, जबकि जीत मिलने पर उसे लोकतंत्र की जीत बताता है। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर भी हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष को आने वाले चुनावों में अपनी हार की आशंका दिखाई दे रही है।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
पदयात्रा और सभा में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मंत्री संतोष सुमन, मंत्री नीतीश मिश्रा, दिलीप जायसवाल और दीपक प्रकाश समेत कई नेता शामिल हुए। सांसद अजय मंडल और राजेश वर्मा के अलावा वरिष्ठ नेता रामनारायण मंडल, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन और कई विधायक व स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
नितिन नवीन के आगमन से कार्यकर्ताओं में उत्साह
संजय सरावगी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भागलपुर दौरा कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा कि एनडीए लोकतंत्र को मजबूत करने और अराजकता के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करता रहेगा। भागलपुर की इस पदयात्रा के जरिए एनडीए ने साफ तौर पर चुनावी और राजनीतिक एकजुटता का प्रदर्शन किया।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

