By Malay Ojha | Published: 16 September 2026 at 09:45 PM
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के रथयात्रा-कुबेर कांप्लेक्स के सामने बुधवार को पुलिस और SOG-2 की संयुक्त टीम ने जुए के बड़े अड्डे पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 47 लोगों को गिरफ्तार किया। टीम ने 10 लाख रुपये से अधिक नकदी, 50 से ज्यादा मोबाइल फोन और कई वाहन भी बरामद किए हैं।
पुलिस को इस मकान में बड़े स्तर पर जुआ संचालित होने की लगातार सूचना मिल रही थी। इसके बाद टीम ने कई दिनों तक मकान की निगरानी की। बाहर से मकान बंद रहता था, लेकिन पुलिस को अंदर जुए का फड़ चलने का शक था। बुधवार को बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद SOG-2 को कार्रवाई के लिए लगाया गया।
अंदर से बंद था मकान का दरवाजा
पुलिस टीम जब मकान पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। टीम ने दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और मौके से मिली नकदी व अन्य सामान को कब्जे में ले लिया।
SOG-2 की अब तक की बड़ी कार्रवाई
डीसीपी गोमती जोन नीतू कादियान के मुताबिक, SOG-2 के गठन के बाद इसे उसकी बड़ी कार्रवाई में माना जा रहा है। मकान काफी बड़ा है और उसकी विस्तृत तलाशी अभी जारी है। पुलिस को आशंका है कि तलाशी के दौरान जुए से जुड़े अन्य सामान या महत्वपूर्ण साक्ष्य भी मिल सकते हैं।
मकान लीज पर लेने वाले की तलाश
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि विशाल सिंह नाम के व्यक्ति ने मकान लीज पर लिया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जुए के फड़ का संचालन कौन कर रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। विशाल सिंह की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।
गैंगस्टर एक्ट और संपत्ति कुर्की की तैयारी
डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ के साथ उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार लोगों में वाराणसी के अलावा आसपास के जिलों के लोग भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और अपराध से अर्जित संपत्ति की कुर्की की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा सकती है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

