By Malay Ojha | Published: 05 November 2026 at 02:08 PM
शरद पवार की तबीयत को लेकर गुरुवार को डॉक्टरों ने नई जानकारी दी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार का मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्हें खांसी, सीने में दर्द और संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और उनका इलाज जारी है।
ब्रोंकाइटिस जैसे लक्षण मिलने के बाद चल रहा इलाज
पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. प्रतीत समदानी ने बताया कि शरद पवार को बुधवार रात ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें खांसी और संक्रमण की परेशानी है। जांच में ब्रोंकाइटिस जैसे लक्षण सामने आए हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
डिस्चार्ज के कुछ घंटे बाद फिर अस्पताल पहुंचे शरद पवार
दरअसल, शरद पवार की तबीयत बिगड़ने के बाद 2 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। सीने में दर्द और खांसी की शिकायत के बाद डॉक्टरों ने उनका सीटी स्कैन समेत कई जरूरी टेस्ट किए थे। दो दिनों तक इलाज चलने के बाद बुधवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। हालांकि, कुछ ही घंटे बाद आगे की जांच और उपचार के लिए उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पीएम मोदी ने भी फोन कर जाना हाल
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को शरद पवार को फोन कर उनकी सेहत की जानकारी ली थी। शरद पवार के करीबी मित्र विठ्ठल मनियार के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने उनसे बातचीत के दौरान पूरी तरह आराम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सुप्रिया सुले और अन्य लोग जिम्मेदारियां संभालने के लिए तैयार हैं, इसलिए पवार को फिलहाल अपनी सेहत पर ध्यान देना चाहिए।
शरद पवार ने पीएम मोदी का जताया आभार
विठ्ठल मनियार ने बताया कि प्रधानमंत्री की इस चिंता पर शरद पवार ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि जब आप सभी जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं, तो उन्हें देश की चिंता करने की जरूरत नहीं है। दोनों नेताओं के बीच बातचीत सौहार्दपूर्ण रही। शरद पवार के दोबारा अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद से ही पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में चिंता बनी हुई है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

