By Malay Ojha | Published: 19 September 2026 at 04:36 PM
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजे घोषित हो गए हैं। चार प्रमुख पदों में से तीन पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। वहीं, उपाध्यक्ष पद का परिणाम सबसे अलग रहा, जहां निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन ने जीत हासिल की। 20 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव की तस्वीर साफ हुई।
अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास ने 24,576 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके मुकाबले NSUI के विजय शंकर मीना को 22,523 वोट मिले। अध्यक्ष पद की मतगणना के दौरान कई राउंड तक दोनों उम्मीदवारों के बीच अंतर काफी कम रहा और मुकाबला लगातार दिलचस्प बना रहा।
सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी विजयी रहीं। उन्हें 21,650 वोट मिले। वहीं, संयुक्त सचिव पद पर ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने 16,615 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। इस तरह चार केंद्रीय पदों में से तीन पद ABVP के खाते में गए।
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन ने बड़ी बढ़त के साथ जीत हासिल की। उन्हें 30,615 वोट मिले, जबकि ABVP के ईशू मौर्य 16,910 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। NSUI के वीर चतरथ को 4,313 वोट मिले। शोकीन इससे पहले NSUI से जुड़े रहे हैं और इस चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे थे।
DUSU चुनाव में इस बार अध्यक्ष और संयुक्त सचिव समेत कुछ पदों पर ABVP और NSUI के बीच मुकाबला कई राउंड तक बेहद करीबी रहा। शुरुआती और मध्य राउंड में बढ़त बदलती रही, जिससे अंतिम नतीजों को लेकर भी उत्सुकता बनी रही।
इस चुनाव में दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 कॉलेजों और विभागों में मतदान केंद्र बनाए गए थे। शुक्रवार को हुए मतदान में 40.46 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई, जो पिछले साल के 39.45 फीसदी मतदान से अधिक रही।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

