By Malay Ojha | Published: 01 November 2026 at 10:30 PM
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को 880 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ ही समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा को माफिया प्रवृत्ति वाली पार्टी बताते हुए आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में जमीनों पर कब्जा करना और अपराधियों को संरक्षण देना आम बात थी। इस दौरान उन्होंने जेल रोड की दो हवेलियों का जिक्र करते हुए बताया कि एक प्रतिष्ठित परिवार ने माफिया के कब्जे से अपनी संपत्ति बचाने के लिए रातोंरात दोनों हवेलियां गिरवा दी थीं।
सपा शासन में माफिया से बचाने के लिए गिरानी पड़ीं हवेलियां
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में गोरखपुर के जेल रोड की एक पुरानी घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वहां एक प्रतिष्ठित परिवार की दो हवेलियां थीं। सपा सरकार के दौरान उन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई। परिवार ने विरोध तो किया, लेकिन माफिया के हाथों अपनी संपत्ति गंवाने के डर से दोनों हवेलियों को रातोंरात गिरवा दिया। योगी ने इस घटना के जरिए तत्कालीन सपा सरकार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए।
‘कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती’
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा की कार्यशैली में बदलाव की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही समाजवादी पार्टी के लोग भी कभी सीधे नहीं हो सकते। जब भी उन्हें मौका मिलता है, जमीन पर कब्जा करना उनकी प्रवृत्ति बन जाती है।
2017 से पहले बेटियां और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस करते थे
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में असुरक्षा का माहौल था। बेटियां स्कूल जाने में सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं और व्यापारियों के सामने भी सुरक्षा की बड़ी चुनौती थी। जब लोगों को अपनी जान-माल और संपत्ति की सुरक्षा का भरोसा नहीं होता, तो निवेशक भी आगे आने से कतराते हैं। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में गोरखपुर की स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।
छेड़खानी करने वालों को जेल या जहन्नुम का रास्ता मिलेगा
योगी ने कहा कि आज किसी गरीब, व्यापारी या प्रतिष्ठित व्यक्ति की जमीन और मकान पर कब्जा करने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों और महिलाओं के साथ छेड़खानी करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि राह चलती बेटी के साथ छेड़खानी करने वाले को जेल या जहन्नुम में से किसी एक रास्ते पर जाना होगा।
अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस समाज में बेटियां और बहनें सुरक्षित नहीं हैं, उससे ज्यादा नारकीय स्थिति दूसरी नहीं हो सकती। महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में ऐसा माहौल बनाना है, जहां आम नागरिक बिना किसी डर के रह सके और व्यापारी व निवेशक सुरक्षित महसूस करें।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

