By Malay Ojha | Published: 27 July 2026 at 11:31 AM
नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद धर्मेंद्र प्रधान सोमवार को पहली बार संसद भवन पहुंचे तो एनडीए सांसदों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मकरद्वार पर सांसदों ने उन्हें पाग पहनाया और उनके समर्थन में नारे लगाए। इसके बाद एनडीए सांसद उन्हें सम्मान के साथ सदन के अंदर लेकर गए। प्रधान के स्वागत को सियासी तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।
सांसदों ने पाग पहनाकर दिया एकजुटता का संदेश
धर्मेंद्र प्रधान जैसे ही संसद भवन पहुंचे, वहां पहले से मौजूद एनडीए सांसद उनके स्वागत के लिए आगे आए। सांसदों ने उन्हें पाग पहनाया और ‘धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद’ के नारे लगाए। इसके बाद सभी सांसद उनके साथ सदन के अंदर गए। इस दौरान मकरद्वार के पास विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन भी चल रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, धर्मेंद्र प्रधान के स्वागत के जरिए सरकार और संगठन की ओर से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि शिक्षा मंत्री के पद से उनका इस्तीफा किसी दबाव में नहीं, बल्कि उनकी अंतरात्मा की आवाज और स्वेच्छा से लिया गया फैसला था। साथ ही, एनडीए सांसदों के इस स्वागत को प्रधान के साथ सरकार और संगठन की मजबूती से खड़े होने के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।
इस्तीफे के बाद पहली बार शुरू हुई संसद की कार्यवाही
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सोमवार को पहली बार संसद की कार्यवाही शुरू हुई। इसी दौरान वह सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए संसद पहुंचे। उनके इस्तीफे के बाद संसद परिसर में उनका यह पहला सार्वजनिक आगमन था, जिस पर एनडीए सांसदों की ओर से किए गए स्वागत ने राजनीतिक चर्चा को और तेज कर दिया।
धर्मेंद्र प्रधान ने पिछले सप्ताह शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद आंदोलन कर रहे संगठन की ओर से भी अपना आंदोलन खत्म करने की घोषणा की गई। इस्तीफे के कुछ ही समय बाद केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों और आंदोलनकारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल के बीच तीसरे दौर की बातचीत हुई थी। बैठक के बाद आंदोलन खत्म करने पर सहमति बनने की बात सामने आई थी।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

