By aryavartalive | Published: 31 August 2026 at 06:34 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर बिहार भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा माह’ मनाएगी। इस दौरान पार्टी सेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम करेगी। अभियान की तैयारियों को लेकर पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में राज्य स्तरीय कार्यशाला हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए।
कार्यशाला में सेवा माह के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलों में कार्यक्रमों के आयोजन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की रणनीति पर भी मंथन किया गया।
सरावगी बोले- सेवा भाजपा की कार्यसंस्कृति
संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर भाजपा पहले से सेवा पखवाड़ा मनाती रही है, लेकिन इस बार उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के कारण अभियान को बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की भावना को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
‘सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम’ बताया
सरावगी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक के सफर में गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के कमजोर वर्गों के लिए काम को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल राजनीतिक सफर नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की लंबी यात्रा हैं।
योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सेवा माह के दौरान केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे जुड़े लाभार्थियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से छूटे हुए लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने, युवाओं से संवाद करने और विकसित भारत 2047 के संकल्प को लेकर लोगों के बीच जाने की अपील की।
7 अक्टूबर को पूरे होंगे 25 साल
सरावगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 7 अक्टूबर 2026 को उनके संवैधानिक पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होंगे। भाजपा इसी अवसर को सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रमों के जरिए लोगों तक पहुंचाएगी।
अभियान के लिए टीम भी बनाई गई
‘सेवा संकल्प’ अभियान को बिहार में आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश स्तर पर एक टीम का गठन किया गया है। इसमें प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। टीम में संजय सिंह टाइगर, पिंकी कुशवाहा, युवा मोर्चा अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, मनोज चौधरी, जिला प्रभारी संजीव यादव और वीरेंद्र चंद्रवंशी शामिल हैं।
जिलों तक पहुंचाने की तैयारी
राज्य स्तरीय कार्यशाला में विभिन्न जिलों से पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। उन्हें अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की जिम्मेदारी और उनके संचालन की रूपरेखा बताई गई। प्रदेश अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की भागीदारी से सेवा माह को बिहार में व्यापक रूप दिया जाएगा।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

