By Malay Ojha | Published: 18 October 2026 at 11:57 PM
दुर्गा पूजा के दौरान बिहार में बिजली आपूर्ति को लेकर ऊर्जा विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। पूजा पंडालों, मंदिरों, मेला स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बिजली व्यवस्था पर नजर रखने के लिए राज्यभर में 115 कंट्रोल रूम 24 घंटे काम कर रहे हैं। इसके अलावा मेला क्षेत्रों में 260 अस्थायी कंट्रोल रूम भी सक्रिय किए गए हैं।
पूजा पंडालों से लेकर मेला स्थलों तक निगरानी
ऊर्जा विभाग के मुताबिक, बिजली आपूर्ति में आने वाली बाधाओं, तकनीकी खराबियों और उपभोक्ताओं की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का जोर है कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को बिजली की परेशानी न हो।
साउथ और नॉर्थ बिहार में अलग-अलग व्यवस्था
बिजली व्यवस्था की निगरानी के लिए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने 59 और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने 56 कंट्रोल रूम बनाए हैं। साउथ बिहार के मेला क्षेत्रों में 200 और नॉर्थ बिहार में 60 अस्थायी कंट्रोल रूम सक्रिय हैं। इन व्यवस्थाओं के तहत एक हजार से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि दुर्गा पूजा बिहार की आस्था और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर बिजली सुविधा देना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्युत व्यवस्था में लगे अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
मूर्ति विसर्जन के दौरान भी रहेगी नजर
ऊर्जा सचिव और बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक अजय यादव ने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और शिकायतों का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान भी बिजली सुरक्षा और आपूर्ति से जुड़ी व्यवस्थाएं सक्रिय रहेंगी।
फील्ड में अधिकारी कर रहे निगरानी
नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल भी व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। दोनों कंपनियों के मुख्य अभियंता (ओएंडएम) को फील्ड में रहकर बिजली आपूर्ति की निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

