By Malay Ojha | Published: 18 October 2026 at 05:18 PM
बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने एनडीए कार्यकर्ताओं को चुनाव के आखिरी चार दिनों के लिए खास लक्ष्य दिया है। उन्होंने हर कार्यकर्ता से प्रतिदिन कम से कम 50 मतदाता परिवारों तक पहुंचने और एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में प्रथम वरीयता का वोट मांगने की अपील की।
रविवार को बेगूसराय के बलिया स्थित विवेक हॉल में आयोजित एनडीए के चुनावी कार्यक्रम में संजय सरावगी ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. घनश्याम राय और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी सर्वेश कुमार के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने मंच पर मौजूद नेताओं से भी हर दिन 100 परिवारों से संपर्क करने का आग्रह किया।
अंतिम चार दिन में घर-घर पहुंचने की तैयारी
संजय सरावगी ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को जंगलराज से सुशासन और अब समृद्धि की ओर ले जाने का काम किया है। उनके मुताबिक, सरकार के विकास कार्य और उपलब्धियां जनता के सामने हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को चुनाव के आखिरी दिनों में पूरी ताकत के साथ मतदाताओं के बीच पहुंचना चाहिए।
2005 के बाद बिहार में हुए बदलाव गिनाए
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद नीतीश कुमार और सुशील कुमार मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने आधारभूत ढांचे, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम किया। उन्होंने पटना से बेगूसराय की यात्रा में लगने वाले समय का उदाहरण देते हुए कहा कि अब यह दूरी करीब डेढ़ घंटे में पूरी हो जाती है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, महिलाओं, किसानों, युवाओं और श्रमिकों के कल्याण के लिए चल रही योजनाओं का भी जिक्र किया।
EWS आरक्षण को बताया गरीब परिवारों के लिए मददगार
संजय सरावगी ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) को मिलने वाले 10 प्रतिशत आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे गरीब परिवारों के युवाओं को सरकारी नौकरियों और मेडिकल व तकनीकी शिक्षा में अवसर मिले हैं।
उन्होंने बोधगया की एक महिला का उदाहरण देते हुए बताया कि उनके बेटे और बेटी को EWS आरक्षण के जरिए सरकारी मेडिकल कॉलेज में पढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने इसे गरीब परिवारों के लिए आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण रास्ता बताया।
उच्च शिक्षा में नामांकन बढ़ने का किया दावा
प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्यों को गति मिलने की बात कही। उन्होंने मॉडल स्कूलों, डिग्री कॉलेजों, औद्योगिक विकास और उच्च शिक्षा के विस्तार का उल्लेख किया।
सरावगी के अनुसार, बिहार में उच्च शिक्षण संस्थानों में नामांकन की संख्या वर्ष 2005 के करीब चार लाख से बढ़कर लगभग 26 लाख हो गई है। उन्होंने कहा कि पंचायतों में प्लस टू स्कूल खुलने से ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई का अवसर मिला है।
दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय खोलने के फैसले का जिक्र
संजय सरावगी ने बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय खोलने के कैबिनेट के फैसले को अहम बताया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे जिलों में जाने की परेशानी कम होगी। उन्होंने राज्य में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों के विस्तार के साथ औद्योगिक निवेश बढ़ाने की कोशिशों का भी उल्लेख किया।
विपक्ष पर विकास से ध्यान भटकाने का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर विकास के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए गलत नैरेटिव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ कथित हिंसक टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
उन्होंने शिक्षक और स्नातक मतदाताओं से जाति और संप्रदाय के बजाय शिक्षा, रोजगार और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील की।
बेगूसराय पहुंचने से पहले मोकामा में भी कार्यक्रम
बेगूसराय रवाना होने से पहले संजय सरावगी मोकामा में भाजपा नेता नलिनी रंजन शर्मा उर्फ ललन सिंह की दिवंगत माता मुन्नी देवी के श्राद्धकर्म में शामिल हुए और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मोकामा और सांगठनिक जिला बाढ़ के फतुहा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
मोकामा में उन्होंने पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशियों नवल किशोर यादव और नीरज कुमार के समर्थन में चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा की। बेगूसराय पहुंचने पर दिनकर अतिथि गृह में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी और संजय पासवान, विधायक कुंदन कुमार समेत एनडीए के घटक दलों के नेता, जिलाध्यक्ष, शिक्षक, स्नातक मतदाता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

