By Malay Ojha | Published: 19 September 2026 at 06:37 PM
उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन ने 35 IPS और PPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में वाराणसी कमिश्नरेट और चंदौली से जुड़े कई अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है। वाराणसी में तैनात प्रमोद कुमार को पुलिस उपायुक्त पद से हटाकर साइबर मुख्यालय लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रमोद कुमार के अलावा श्रुति श्रीवास्तव का भी तबादला किया गया है। वह अब प्रयागराज कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगी। वहीं, फिरोजाबाद में सहायक पुलिस अधीक्षक रहे राजेश गुनावत को वाराणसी कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।
वाराणसी कमिश्नरेट को दो नए DCP
तबादला सूची में PPS अधिकारी राजेश कुमार पांडेय और विनीत भटनागर का नाम भी शामिल है। राजेश कुमार पांडेय को कानपुर नगर से वाराणसी कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, हापुड़ में पुलिस अधीक्षक रहे विनीत भटनागर को भी वाराणसी कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
चंदौली में भी बदले पुलिस अधिकारी
चंदौली में भी पुलिस विभाग को नया अधिकारी मिला है। पीलीभीत में अपर पुलिस अधीक्षक रहे विक्रम दहिया को चंदौली का नया अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, चंदौली में तैनात अनन्त चन्द्रशेखर का तबादला जौनपुर किया गया है। उन्हें वहां पुलिस अधीक्षक नगर की जिम्मेदारी दी गई है।
इन अधिकारियों के भी हुए तबादले
तबादला सूची में चारू निगम को यूपी-112 से 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद में सेनानायक बनाया गया है। अतुल शर्मा-II को DCP आगरा से SP अभिसूचना मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है। वहीं, मो. इरफान अंसारी को पुलिस मुख्यालय प्रयागराज से SP CID लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है।
17 RR और 9 SPS अधिकारियों के नाम
जारी सूची में 17 RR बैच के IPS अधिकारियों के अलावा 9 SPS अधिकारियों के नाम शामिल बताए गए हैं। तबादलों के जरिए अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। यूपी पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर IPS और PPS अधिकारियों की पोस्टिंग से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

