By Malay Ojha | Published: 22 July 2026 at 09:53 PM
नीट मुद्दे को लेकर दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन के बीच बुधवार को टॉलस्टॉय मार्ग पर अचानक हालात बिगड़ गए। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालात बेकाबू होते देख रैपिड एक्शन फोर्स और पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।
पुलिस के अनुसार, टॉलस्टॉय मार्ग पर रैपिड एक्शन फोर्स और दिल्ली पुलिस की टीम रोजाना की तरह तैनात थी। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से अचानक पत्थर फेंके जाने लगे। देखते ही देखते पथराव तेज हो गया और पुलिस तथा रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को निशाना बनाया जाने लगा।
डंडे लेकर भी पुलिस पर टूट पड़े प्रदर्शनकारी
पुलिस का दावा है कि कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में डंडे भी थे और उन्होंने सुरक्षाकर्मियों पर इसका इस्तेमाल किया। अचानक हुए इस हमले के बाद मौके पर मौजूद पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स की टीम सक्रिय हो गई। स्थिति को संभालने के लिए सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने की कोशिश शुरू की।
भीड़ को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े
हालात बिगड़ते देख रैपिड एक्शन फोर्स ने हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस के मुताबिक, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दो से तीन आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को मौके से पीछे हटाया गया और स्थिति पर काबू पाने की कोशिश की गई।
टॉलस्टॉय मार्ग पर बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद टॉलस्टॉय मार्ग और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया। पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों की तैनाती के बीच पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की ओर से पथराव करने वाले प्रदर्शनकारियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
नीट मुद्दे पर लगातार जारी है प्रदर्शन
नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और छात्रों से जुड़े दूसरे मुद्दों को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन का दौर जारी है। छात्र और विपक्ष लगातार सरकार से इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी बीच प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा ने आंदोलन के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

