By Malay Ojha | Published: 28 August 2026 at 06:07 PM
दरभंगा के ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम को राष्ट्रीय स्तर के खेल परिसर के रूप में विकसित करने की तैयारी है। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से 10 एकड़ में प्रस्तावित इस परिसर में अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम के साथ कई खेलों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बैठक में इस योजना की समीक्षा की।
लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में हुई बैठक में नेहरू स्टेडियम के प्रस्तावित कायाकल्प और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की योजना पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का प्रस्तुतीकरण भी देखा गया। सरावगी ने इसे दरभंगा के खेल क्षेत्र के लिए बड़ा बदलाव बताया।
डे-नाइट क्रिकेट की भी होगी सुविधा
प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम में डे-नाइट मैच कराने की सुविधा होगी। इसके लिए हाई मास्ट लाइट्स, हाइब्रिड टर्फ पिच और आधुनिक पवेलियन तैयार करने की योजना है। इससे दरभंगा में बड़े स्तर के क्रिकेट आयोजन कराने का रास्ता भी खुल सकता है।
इंडोर हॉल में कई खेलों की सुविधा
खेल परिसर में इंडोर मल्टीपर्पज हॉल भी प्रस्तावित है। इसमें स्विमिंग पूल, बॉक्सिंग रिंग, जूडो और कुश्ती के लिए जगह, चार बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल, स्क्वैश और जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। खिलाड़ियों को एक ही परिसर में अलग-अलग खेलों की तैयारी का मौका मिलेगा।
खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर भी जोर
संजय सरावगी के मुताबिक, परिसर में केवल खेल मैदान ही नहीं होंगे, बल्कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए स्पोर्ट्स साइंस, बायोमैकेनिक्स और मेडिकल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए 100 बेड का हॉस्टल, गेस्ट हाउस और डाइनिंग हॉल बनाने का भी प्रस्ताव है।
लॉन टेनिस से मल्टी लेवल पार्किंग तक
योजना में लॉन टेनिस, वॉलीबॉल और नेट प्रैक्टिस पिच जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं। परिसर में सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्था और मल्टी लेवल पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों के साथ दर्शकों और बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मिथिला के खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा
संजय सरावगी ने कहा कि लंबे समय से मिथिलांचल की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ता रहा है। नई खेल सुविधाएं विकसित होने से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी। उन्हें अपने ही शहर में आधुनिक संसाधन और बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिल सकेगा।
बोले- सिर्फ स्टेडियम नहीं, युवाओं के सपनों का मंच
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल सड़क, पुल और भवन बनाना नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी के भविष्य के लिए जरूरी सुविधाएं तैयार करना भी है। उनके मुताबिक, दरभंगा में बनने वाला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस आने वाले समय में शहर को बिहार के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल कराने में अहम भूमिका निभा सकता है।
राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का लक्ष्य
सरावगी ने कहा कि मिथिला ने शिक्षा, संस्कृति और कला के क्षेत्र में देश को कई प्रतिभाएं दी हैं। अब खेल के क्षेत्र में भी यहां के युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस परिसर से तैयार होने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार और दरभंगा का नाम रोशन करेंगे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

