By Malay Ojha | Published: 02 November 2026 at 04:48 PM
काशी में नवरात्र महानुष्ठान और श्रीविद्या साधना शिविर समेत कई धार्मिक आयोजन पूरे करने के बाद ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती सोमवार को तीन दिवसीय गुजरात प्रवास के लिए रवाना हो गए। गुजरात में उनके सान्निध्य में कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे, जबकि साबरकांठा और गांधीनगर में विशेष आयोजनों में भी वह शामिल होंगे।
गुजरात में इन कार्यक्रमों में होंगे शामिल
शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय के अनुसार, गुजरात प्रवास के दौरान साबरकांठा जिले में ब्राह्मण भोजनालय का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा गांधीनगर में सेतु मिशन द जनरेशन ब्रिज का उद्घाटन भी शंकराचार्य के हाथों होगा।
चरण पादुका पूजन और अभिनंदन के कार्यक्रम
गुजरात के अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले प्रमुख लोग शंकराचार्य की चरण पादुका का पूजन करेंगे और उनका अभिनंदन करेंगे। प्रवास के दौरान कई स्थानों पर उनके पावन सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान और अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
काशी में संतों और भक्तों ने दी विदाई
काशी से गुजरात रवाना होते समय बड़ी संख्या में संत और भक्त मौजूद रहे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ शंकराचार्य को विदाई दी। शंकराचार्य ने उपस्थित संतों और भक्तों को अपना शुभाशीर्वाद भी प्रदान किया।
गुजरात के बाद छत्तीसगढ़ जाएंगे शंकराचार्य
तीन दिवसीय गुजरात प्रवास के बाद शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होंगे। वहां ज्योतिर्मठ के मुख्य कार्याधिकारी पंडित चंद्रप्रकाश मिश्रा की ओर से आयोजित महालक्ष्मी दीपावली पूजन महोत्सव समेत अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में वह शामिल होंगे।
विदाई के समय ये लोग रहे मौजूद
शंकराचार्य के गुजरात प्रस्थान के दौरान साध्वी पूर्णांबा दीदी, साध्वी शारदांबा दीदी, ब्रह्मचारी परमात्मानंद, परमेश्वर दत्त शुक्ला, रमेश उपाध्याय, सुनील शुक्ला, सतीश अग्रहरि, विवेक भूषण, अमित तिवारी, शिवाकांत मिश्रा, तारकेश्वर नाथ और दिनेश मिश्रा समेत बड़ी संख्या में संत और भक्त मौजूद रहे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

