By Malay Ojha | Published: 27 October 2026 at 03:08 PM
पटना। पटना के बापू सभागार में सोमवार को आयोजित IVY भोजपुरी म्यूजिक अवॉर्ड्स 2026 में भोजपुरी संगीत और सिनेमा की कई चर्चित हस्तियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समारोह का उद्घाटन करते हुए भोजपुरी फिल्मों को सब्सिडी देने की घोषणा की। उन्होंने फिल्म सिटी के निर्माण में भी सरकार की ओर से सहयोग का भरोसा दिया। समारोह में पवन सिंह को बेस्ट मेल सिंगर, शिल्पी राज को बेस्ट फीमेल सिंगर और रंजन सिन्हा को बेस्ट PRO का अवॉर्ड दिया गया।
भोजपुरी फिल्मों को सब्सिडी देगी बिहार सरकार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। इसी दिशा में इस साल से फिल्मों को सब्सिडी देने की शुरुआत की जाएगी। इसकी शुरुआत भोजपुरी फिल्मों से होगी। उन्होंने कलाकारों से फिल्म सिटी के लिए उपयुक्त जगह तय करने की अपील की और कहा कि इसके निर्माण में सरकार सहयोग करेगी।
पवन सिंह के गानों पर झूमे दर्शक
‘सुरों का जश्न, सितारों के संग’ थीम पर हुए कार्यक्रम में भोजपुरी गायक पवन सिंह ने अपने गानों से दर्शकों का मनोरंजन किया। उनके गानों पर सभागार में मौजूद लोगों ने खूब तालियां बजाईं। रितेश पांडेय, दिनेश लाल यादव निरहुआ और अन्य कलाकारों ने भी मंच पर अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा।
पवन सिंह, शिल्पी राज और रंजन सिन्हा को मिला सम्मान
अवॉर्ड समारोह में पवन सिंह को बेस्ट सिंगर मेल और शिल्पी राज को बेस्ट सिंगर फीमेल का पुरस्कार मिला। रंजन सिन्हा को बेस्ट PRO चुना गया। मनोज तिवारी को ‘हां हम बिहारी हैं जी’ के लिए बिहार एंथम ऑफ द ईयर का सम्मान दिया गया। दिनेश लाल यादव निरहुआ को ‘अपार प्राइड ऑफ भोजपुरी’ अवॉर्ड मिला।
वहीं, विनय बिहारी को भिखारी ठाकुर सम्मान से नवाजा गया। संगीत और संस्कृति में उत्कृष्ट योगदान के लिए आईएएस अधिकारी प्रणव कुमार को सम्मानित किया गया। दैनिक जागरण को एक्सीलेंस इन प्रिंट मीडिया अवॉर्ड मिला।
‘लहंगा से महंगा’ और ‘बर्बादी होई’ को भी अवॉर्ड
IVY भोजपुरी म्यूजिक अवॉर्ड्स में ‘लहंगा से महंगा’ को बेस्ट सॉन्ग ऑफ द ईयर चुना गया। इस गाने के लिए सरगम आकाश को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का सम्मान मिला। ‘बर्बादी होई’ को ट्रेंडिंग सॉन्ग ऑफ द ईयर का अवॉर्ड दिया गया, जबकि इसके बोल लिखने वाले विजय चौहान को बेस्ट लिरिक्स का सम्मान मिला।
रितेश पांडेय को ‘हेलो कौन’ के लिए डाबर बिलियन स्टार अवॉर्ड मिला। अरविंद अकेला कल्लू को पॉपुलर वॉइस ऑफ द ईयर मेल, गुंजन सिंह को रॉकिंग वॉइस ऑफ भोजपुरी और शिवानी सिंह को पॉपुलर वॉइस ऑफ द ईयर का पुरस्कार दिया गया।
इन कलाकारों को भी मिला सम्मान
अवॉर्ड पाने वालों में खेसारी लाल यादव के गाने ‘गर्मी गरम बिया’ और ‘चोली भीज जाता’ भी शामिल रहे। रौशन रोही को ‘नाच नागिन जैसन’ के लिए वायरल सॉन्ग ऑफ द ईयर का सम्मान मिला। पवन सिंह के गाने ‘धमाका’ को बेस्ट रंगदारी सॉन्ग ऑफ द ईयर चुना गया।
राकेश मिश्रा को भोजपुरी में योगदान, रत्नाकर कुमार को म्यूजिक इंडस्ट्री में योगदान और चांद जी को मेलोडियस वॉइस ऑफ भोजपुरी के सम्मान से नवाजा गया। सृष्टि भारती को राइजिंग वॉइस ऑफ द ईयर और प्रमोद प्रेमी यादव को बेस्ट एंटरटेनिंग वॉइस का अवॉर्ड मिला। निशांत मुक्ता को भोजपुरी पॉप स्टार ऑफ द ईयर तथा संजय मयूख को IVY भोजपुरी विशिष्ट सम्मान दिया गया।
बेस्ट PRO का अवॉर्ड रंजन सिन्हा को
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में जनसंपर्क के क्षेत्र में योगदान के लिए रंजन सिन्हा को IVY भोजपुरी म्यूजिक अवॉर्ड्स 2026 में बेस्ट PRO के सम्मान से नवाजा गया।
फिल्म और संगीत जगत की हस्तियां रहीं मौजूद
समारोह में बिहार सरकार के मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद, IVY चैनल के प्रेसिडेंट पार्थो डे, निर्माता एवं वितरक निशांत उज्ज्वल, यशी फिल्म्स के प्रमुख अभय सिन्हा और विनय सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे। मनोज तिवारी, अरविंद अकेला कल्लू, राकेश मिश्रा, गुंजन सिंह और रोशन रोही जैसे कलाकारों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
अभिनेत्रियों में मोनालिसा, नीलम गिरी, आस्था सिंह, मेघाश्री, सृष्टि भारती, अपर्णा मलिक, शिवानी सिंह, डिंपल सेठ, शिल्पी राघवानी और ऋतु सिंह शामिल रहीं। आयोजन का उद्देश्य भोजपुरी संगीत और सिनेमा से जुड़े कलाकारों के योगदान को पहचान देना और इस क्षेत्र को आगे बढ़ावा देना रहा। 



Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

