By Malay Ojha | Published: 15 September 2026 at 06:27 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजयुमो बिहार ने वाराणसी से वडनगर तक सेवा संकल्प बाइक यात्रा की तैयारी पूरी कर ली है। बिहार के सभी 52 संगठनात्मक जिलों से चुने गए युवा कार्यकर्ता 15 सितंबर को पटना से वाराणसी के लिए रवाना हुए। 17 सितंबर से शुरू होने वाली यह यात्रा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान से गुजरते हुए गुजरात के वडनगर पहुंचेगी।
पटना जंक्शन पर मंगलवार शाम आयोजित कार्यक्रम में भाजपा और भाजयुमो के प्रदेश स्तर के नेताओं ने युवाओं को रवाना किया। कार्यकर्ता ट्रेन संख्या 15126 पटना-काशी जन शताब्दी एक्सप्रेस से वाराणसी के लिए रवाना हुए। यात्रा का मकसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और राष्ट्र निर्माण के संदेश को युवाओं तक पहुंचाना बताया गया है।
काशी से वडनगर तक खास सफर
भाजयुमो बिहार के मुताबिक, यह यात्रा सिर्फ बाइक रैली तक सीमित नहीं रहेगी। रास्ते में अलग-अलग जगहों पर सेवा कार्य, स्वच्छता अभियान और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी की ओर से इसे प्रधानमंत्री की कर्मभूमि काशी से जन्मभूमि वडनगर को जोड़ने वाली यात्रा के तौर पर पेश किया गया है।
जलाभिषेक से जुड़ेगी दोनों भूमियां
यात्रा में शामिल सेवा यात्री वाराणसी से जल लेकर गुजरात के वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे और वहां जलाभिषेक करेंगे। आयोजकों के मुताबिक, इसके जरिए काशी और वडनगर को आस्था और सांस्कृतिक विरासत की एक कड़ी से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।
17 सितंबर से शुरू होगी बाइक यात्रा
वाराणसी पहुंचने के बाद युवा कार्यकर्ता 17 सितंबर से बाइक यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा उत्तर प्रदेश से निकलकर मध्य प्रदेश और राजस्थान के रास्ते गुजरात पहुंचेगी। भाजयुमो का कहना है कि यात्रा के दौरान युवाओं को सेवा, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से जोड़ने पर जोर रहेगा।
25 साल की सार्वजनिक यात्रा का जिक्र
बीजेपी ने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करने की घोषणा की है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाना है। 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, इसलिए यह तारीख उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का प्रमुख पड़ाव मानी जा रही है।
जितेंद्र सिंह बोले- सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश
भाजयुमो बिहार के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक यात्रा में जनसेवा और राष्ट्र निर्माण को प्रमुख स्थान मिला है। उनके मुताबिक, सामान्य कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री तक की यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि वाराणसी से वडनगर तक की यह यात्रा प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के संकल्प के प्रति युवा मोर्चा की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
पटना में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
रवानगी कार्यक्रम में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, प्रदेश मंत्री कुमार राघवेंद्र, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी कुशवाहा समेत भाजपा और भाजयुमो के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इनके अलावा कुलभूषण, मुकेश यादव, अंकेश सक्सेना, आनंद शेखर, राहुल देव, अनिकेत झा, रामराज यादव, शिवम सिंह, अभिषेक कुमार, राजन कुमार, गौतम यादव, वरुण राज सिंह, वरुण सिंह, मनीष चौहान, निलेश रंजन, पीयूष प्रियदर्शी, ऋषभ नारायण, शुभम मिश्रा, वंदना भगत और रंजू प्रजापति समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

