By aryavartalive | Published: 22 July 2026 at 09:14 AM
पटना : दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं का आंदोलन जारी है। इस बीच, जहां एक तरफ भाजपा की केंद्र सरकार कटघरे में है, वहीं दूसरी तरफ सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष धनंजय कुमार सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर गुमराह होने का बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का ‘शॉक ऑब्जर्वर’ के रूप में इस्तेमाल कर रही है।
दरअसल, अनशनकारी सोनम वांगचुक के आह्वान पर देशभर से कई हजार छात्र और युवा 20 जुलाई को संसद मार्च में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने उन पर कथित तौर पर बर्बरतापूर्ण तरीके से लाठीचार्ज किया। इसके विरोध में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अन्य कांग्रेसी नेताओं के साथ मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए, जहां से उन्हें हिरासत में लिया गया और बाद में शाम को छोड़ दिया गया।
‘राहुल गांधी के धरने पर प्रतिक्रिया, असली मुद्दों से भटकाया जा रहा ध्यान’
धनंजय सिन्हा ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जो समाजसेवी सोनम वांगचुक के 23 दिन के अनशन के बावजूद नीट मामले पर एक बार बोलने को तैयार नहीं हुए, वे राहुल गांधी के आधे दिन के धरने पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ-साथ अन्य शीर्ष भाजपा नेता और मंत्री भी राहुल गांधी पर बयानबाजी कर शिक्षा से जुड़े उन मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें छात्रों और युवाओं ने उठाया है।
‘छात्रों और सरकार के बीच बातचीत कराने की जिम्मेदारी राहुल गांधी की’
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का पद सरकार का ही एक अंग होता है और शिक्षा के मुद्दों पर देशभर के छात्रों और युवाओं में जो आक्रोश देखने को मिल रहा है, ऐसे मौजूदा हालात में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मुख्य जिम्मेदारी है कि वे सरकार और छात्रों-युवाओं के बीच मध्यस्थता स्थापित कर बातचीत के जरिए रास्ता निकालने का प्रयास करें। इसलिए उन्हें अन्य राजनीतिक तौर-तरीकों और गतिविधियों को प्राथमिकता देने के बजाय देशभर के छात्रों और युवाओं के प्रति अपनी मुख्य जिम्मेदारी को प्राथमिकता देनी चाहिए और मोदी सरकार द्वारा इस्तेमाल होने से बचना चाहिए।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

